शासन की गाइडलाइन और न्यायालय के निर्णयों की दी जानकारी, भूमि आवंटन एवं प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया से कराया अवगत
अशोकनगर। चंदेरी में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापना के संबंध में मंगलवार को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस कक्ष में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में लोधी समाज के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने समाज के प्रतिनिधियों को प्रतिमा स्थापना से संबंधित शासन की गाइडलाइन तथा माननीय सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के विभिन्न निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिमा स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं भूमि आवंटन से संबंधित प्रावधानों को भी विस्तार से समझाया।
बैठक के दौरान लोधी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रतिमा स्थापना को लेकर अपनी बात रखी और आवश्यक प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने शासन के नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री डीएन सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री विकास कुमार आनंद, लोधी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष रामकुमार लोधी, अशोकनगर ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र लोधी सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे