अशोकनगर, 9 अगस्त 2026। पुलिसिंग में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ आधुनिक तकनीक के उपयोग को मजबूत करने की दिशा में अशोकनगर पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जिले को 20 बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें रविवार को जिले के विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों को वितरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में कैमरों के वितरण के साथ पुलिसकर्मियों को इनके संचालन, उपयोग और रिकॉर्डिंग से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया।
चेकिंग और मौके की कार्रवाई में होगा उपयोग
बॉडी वॉर्न कैमरों का उपयोग विशेष रूप से वाहन चेकिंग, कानून-व्यवस्था की ड्यूटी, मौके पर होने वाली पुलिस कार्रवाई और महत्वपूर्ण विवेचना संबंधी कार्यवाहियों के दौरान किया जाएगा। कैमरे पुलिस कार्रवाई की घटनाओं की रिकॉर्डिंग में मदद करेंगे, जिससे आवश्यकतानुसार महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संकलन एवं संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
पुलिस और आमजन के बीच विश्वास होगा मजबूत
बॉडी वॉर्न कैमरों का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष, जवाबदेह और जन-अनुकूल बनाना है। इससे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों के अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि आधुनिक तकनीक का समुचित उपयोग पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बॉडी वॉर्न कैमरों के इस्तेमाल से पुलिस कार्रवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा और पुलिस तथा आमजन के बीच विश्वास और मजबूत होगा।
अशोकनगर पुलिस द्वारा तकनीक आधारित एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।