अशोकनगर। शिवपुरी में आयोजित वृहद् स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को सुविधा प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। यह शिविर 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
यह आयोजन रोटरी क्लब श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। शिविर के लिए जिला अशोकनगर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक मरीजों की स्क्रीनिंग कर 1026 गंभीर मरीजों की पहचान की गई है।
17 मार्च को विकासखंड ईसागढ़ से 168 तथा मुंगावली से 131 मरीजों को निःशुल्क बसों के माध्यम से शिवपुरी भेजा गया। इस दौरान मरीजों को दोपहर का भोजन भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में सभी मरीजों का उपचार, जांच एवं दवाइयों की सुविधा प्रदान कर उसी दिन उन्हें सुरक्षित वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
प्रशासन द्वारा आगे भी व्यवस्थाएं जारी रखते हुए 19 मार्च को शाढ़ौरा तथा 21 एवं 22 मार्च को चंदेरी विकासखंड से मरीजों को शिविर तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
इस पूरी व्यवस्था में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।