मलेरिया निरोधक माह: पटेरा में जन-जागरूकता रथ रवाना, ग्रामीणों को दिए बचाव के टिप्स



पटेरा, दमोह। मलेरिया निरोधक माह जून 2026 के अंतर्गत विकासखंड पटेरा में मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दमोह डॉ. आर.के. अठिया एवं जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती यामिनी सिलारपुरिया के मार्गदर्शन तथा सीबीएमओ डॉ. आर.आर. बागरी के निर्देशन में मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह रथ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहा है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ग्रामों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को मच्छरों की रोकथाम, लार्वा की पहचान एवं उसके विनष्टीकरण के बारे में जागरूक कर रहे हैं। साथ ही पंपलेट वितरित कर लोगों से घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की जा रही है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा नीम की पत्तियों का धुआं करने की सलाह दी। बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की रक्त-पट्टी बनाकर एवं आरडीटी किट के माध्यम से मलेरिया की जांच भी की गई।

कार्यक्रम में श्री आर.के. नेमा (एमआई), स्थानीय नर्सिंग अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष औषधालय का स्टाफ, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।फोटो कैप्शन:
पटेरा में मलेरिया निरोधक माह के तहत जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सीबीएमओ डॉ. आर.आर. बागरी एवं उपस्थित स्वास्थ्य विभाग का अमला।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने