ईसागढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र तिघरा में शनिवार को व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आई। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पुष्पांजलि टुडे की टीम केंद्र पर पहुंची। इस दौरान केंद्र परिसर में चारों तरफ घास उगी मिली और साफ-सफाई व्यवस्था भी बदहाल नजर आई। केंद्र के अंदर जाने के रास्ते में भी घास होने से बच्चों को परेशानी होने की स्थिति दिखाई दी।
केंद्र में 33 बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन टीम के पहुंचने के समय यहां महज दो बच्चे ही मौजूद मिले। वहीं सहायिका की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे। ऐसे में बच्चों की नियमित उपस्थिति और आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन को लेकर विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कार्यकर्ता बोलीं- हम खुद हाथ से घास हटाते हैं
केंद्र की स्थिति को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुकीर्ति जाट से बात की गई। उन्होंने बताया कि केंद्र परिसर में उगी घास को वे स्वयं हाथ से हटाने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी ओर से जितना संभव है, उतना कर रही हैं।
अधिकारी बोले- सफाई कराएंगे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मामले में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी ईसागढ़ अनिल चौधरी से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति को दिखवाकर साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही कार्यकर्ता की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग केंद्र की साफ-सफाई, बच्चों की नियमित उपस्थिति और सहायिका की उपस्थिति को लेकर क्या कार्रवाई करता है।