अशोकनगर में फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 3.40 लाख के सोने के आभूषण बरामद



 

अशोकनगर। जिले की देहात थाना पुलिस ने महिलाओं से जुड़े अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और सोने के आभूषण हड़पने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 40 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाना देहात में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया तथा सोने के आभूषण ले लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना देहात में उप निरीक्षक अजीम अंसारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच के दौरान महेश यादव निवासी मुरादपुर, थाना धरनावदा, जिला गुना एवं हमीरा यादव निवासी अमरौदा, थाना बमौरी, जिला गुना की पहचान की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पीड़िता से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। इसके बाद साथ में खिंचवाए गए फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसने महिला से सोने के आभूषण हासिल कर लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की झुमकियां, नथनी एवं बाला बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता है, तो बिना भयभीत हुए तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने