ईसागढ़ में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ, सिंह सागर तालाब पर हुआ जल संरक्षण का सामूहिक कार्यक्रम

ईसागढ़ (अशोकनगर)।
जल एवं जल स्रोतों के संरक्षण के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ 19 मार्च 2026 को वर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर ईसागढ़ में किया गया। इस अवसर पर ईसागढ़ के सिंह सागर तालाब पर सामूहिक जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जनभागीदारी का उत्साह देखने को मिला।

अभियान के तहत ईसागढ़ में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक के मार्गदर्शन में जिले की नवांकुर संस्थाओं के सहयोग से यह आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल बचाने का संकल्प दिलाया गया।

इस दौरान ईसागढ़ के सिंह सागर तालाब पर साफ-सफाई, संरक्षण एवं गहरीकरण जैसे कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। अभियान का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करना एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक द्वारका पाठक, परामर्शदाता कृष्णा यादव (समाजसेवी) सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसके साथ ही नगर विकास समिति, ईसागढ़ के अध्यक्ष अमित गोस्वामी, सचिव रीना साहू, नवांकुर संस्था से दिनेश सेन, अंकित यादव एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

अभियान की खास बात यह रही कि ईसागढ़ में शासन-प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने