अशोकनगर जिला जेल में मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, बंदियों को दिया सकारात्मक जीवन का संदेश



अशोकनगर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को जिला जेल अशोकनगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम में मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव, खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष डॉ. केपी यादव, कलेक्टर साकेत मालवीय, एसडीएम अशोकनगर इसरार खान, जेल अधीक्षक ललित दीक्षित सहित यादव समाज के नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान बंदियों को फलों का वितरण भी किया गया।

मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल में हुआ था। इसलिए स्थान मायने नहीं रखता, बल्कि व्यक्ति के विचार और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव मायने रखते हैं। उन्होंने बंदियों से कहा कि मानव जीवन बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए जीवन में अच्छे कार्य करें और संयम के साथ आगे बढ़ें।

कलेक्टर साकेत मालवीय ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में अच्छा और बुरा समय सभी का आता है। हमें बदलाव की भावना के साथ यहां से जाना चाहिए और बेहतर जीवन की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने