शिवपुरी जिले में राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन ने WhatsApp हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर शुरू की गई इस सुविधा के जरिए हितग्राही राशन वितरण से जुड़ी शिकायतें सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
प्रशासन द्वारा जारी WhatsApp नंबर 79879 56573 पर हितग्राही राशन दुकान बंद मिलने, POS मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद राशन नहीं मिलने, निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने सहित अन्य अनियमितताओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
फोटो-वीडियो भी भेज सकेंगे
शिकायत दर्ज कराने के लिए हितग्राही को उक्त नंबर पर WhatsApp मैसेज भेजकर समस्या का संक्षिप्त विवरण देना होगा। शिकायत के साथ संबंधित फोटो या वीडियो भी भेजा जा सकेगा, जिससे मामले की जांच में मदद मिलेगी।
शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी गोपनीय
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा। प्राप्त शिकायतों की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से राशन वितरण में होने वाली गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने और पात्र हितग्राहियों को उनका पूरा हक दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है।