शिवपुरी। उचित मूल्य दुकानों से राशन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों के लिए जिला प्रशासन शिवपुरी ने महत्वपूर्ण अपील जारी की है। प्रशासन ने हितग्राहियों से कहा है कि राशन प्राप्त होने के बाद ही POS मशीन पर अपना अंगूठा लगाएं।
जिला प्रशासन ने राशन वितरण के दौरान हितग्राहियों से खाद्यान्न की तौल पर विशेष ध्यान देने को कहा है। हितग्राही यह सुनिश्चित करें कि उन्हें उनके पात्रता अनुसार निर्धारित मात्रा में ही राशन प्राप्त हो रहा है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पहले राशन प्राप्त करें, उसकी तौल जांचें और संतुष्ट होने के बाद ही POS मशीन पर अंगूठा लगाएं। इससे राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अनियमितता दिखे तो करें शिकायत
जिला प्रशासन ने हितग्राहियों से अपील की है कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कम तौल या अन्य समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। प्रशासन का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को उनके अधिकार का पूरा राशन उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन शिवपुरी का संदेश:
“जागरूक रहें, तौल पर ध्यान दें और अपने अधिकार का राशन सुरक्षित रखें।”