अशोकनगर पुलिस की बड़ी सफलता: कुछ ही घंटों में कार चोरी का खुलासा, 14 लाख की अर्टिगा बरामद



अशोकनगर, 7 जून। अशोकनगर पुलिस ने कार चोरी के एक मामले का महज कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चोरी गई अर्टिगा कार और नगदी बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 14 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार एवं 4 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी चंदेरी महेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना चंदेरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, फरियादी शिवकुमार उर्फ पिंटू राय ने थाना चंदेरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अंकित जैन की अर्टिगा कार क्रमांक MP07AH6739 का चालक है। 5 जून को वह मुलायम यादव, कल्ला यादव और पुष्पेन्द्र यादव को लेकर ललितपुर जा रहा था। दोपहर करीब 1:50 बजे राजघाट स्थित वन विभाग चौकी के पास वाहन खड़ा कर वह नीचे उतरा, तभी तीनों आरोपी कार और उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए।

रिपोर्ट पर थाना चंदेरी में अपराध क्रमांक 317/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए।

थाना प्रभारी चंदेरी निरीक्षक प्रशांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुलायम यादव (27 वर्ष) निवासी भरियाखेड़ी थाना पिपरई तथा पुष्पेन्द्र यादव (19 वर्ष) निवासी मातामढ़ मोहल्ला चंदेरी को राजघाट के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी गई कार और नगदी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, मामले में फरार आरोपी कल्ला यादव निवासी ग्राम भीकली की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत यादव सहित उपनिरीक्षक कदम सिंह मीना, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश पाराशर, प्रधान आरक्षक उम्मेद सिंह तथा आरक्षक सतीश वर्मा, तेज सिंह कुशवाह, अछल सिंह गुर्जर, रामकुमार साहू, अक्षय शर्मा एवं महिला आरक्षक चंदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अशोकनगर पुलिस ने कहा है कि जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने