हेम आर्य बोले- हम सबको मिलकर पर्यावरण को सुरक्षित रखना होगा
ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से दूर स्थित बोहरागांव में उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सड़क, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर ग्रामीणों ने अपने सुझाव और शिकायतें रखीं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया। विशेष रूप से पेयजल संकट के मुद्दे पर मौके पर मौजूद जल संस्थान के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और हमें मिलकर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना होगा।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री (पेयजल) दिनेश आर्य, दायित्वधारी भावना मेहरा, मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, ग्राम प्रधान सुरेंद्र बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश मेहरा, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल मंत्री दीवान टम्टा, बूथ अध्यक्ष हरीश गढ़िया, विजय बिष्ट, संघ स्वयंसेवक गौरव गोस्वामी, जिला कार्यकारिणी सदस्य शिवांशु जोशी, नंदन बिष्ट, रिटायर्ड रेंजर मुकुल शर्मा, पूर्व ग्राम प्रधान रमेश जोशी, महिला मोर्चा मीडिया संयोजक राधा देवी, जीवन सिंह मेहरा, सुरेंद्र सिंह, मनोहर लाल, दिलीप सिंह, आईटी संयोजक उज्ज्वल चंद्र, लक्ष्मण सिंह, भरत बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।