अशोकनगर। कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देशानुसार जिलेभर में चलाए जा रहे पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत ग्राम रमखिरिया में आयोजित यज्ञ एवं भागवत कथा के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के विकासखंड समन्वयक सतपाल सिंह जाट, स्वच्छाग्राही रविन्द्र सिंह लोधी, पूर्व सरपंच मुकेश कुमार लोधी, श्रवण कुमार राजपूत एवं कलन्दर सिंह यादव पारकना ने यज्ञकर्ता महंतजी को पौधा भेंट कर हरियाली बढ़ाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
भागवत कथा के दौरान व्यासपीठ से भगवताचार्य ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जन्मदिन, विवाह एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर वृक्षारोपण को परंपरा बनाना चाहिए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने, स्वच्छता अपनाने, मितव्ययिता और स्वावलंबन को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर धरती को हरा-भरा बनाने और स्वच्छ परिवेश के माध्यम से सुरक्षित जलवायु निर्माण में सभी को योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया।