नैनीताल, ललित जोशी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का शुभारंभ सोमवार से हो गया। सरोवर नगरी नैनीताल में अभियान की शुरुआत लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को गणना फॉर्म उपलब्ध कराकर की गई।
अभियान के तहत नैनीताल जनपद में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं के विवरण का सत्यापन एवं अद्यतन किया जाएगा, जिससे निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस अवसर पर दीपक रावत ने मीडिया के माध्यम से आमजन से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ द्वारा दिए गए गणना फॉर्म को सावधानीपूर्वक भरें और निर्धारित समय पर उन्हें वापस सौंपें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही जानकारी सुनिश्चित करने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
आयुक्त ने कहा कि यह अभियान सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम में रीना जोशी, विवेक राय तथा नवाजिश खालिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।