अशोकनगर। ग्राम पंचायत मडबासा के ग्रामीण इन दिनों बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से खासे परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन के समय बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन रात होते ही बार-बार बिजली गुल हो जाती है। स्थिति यह है कि रात में लगभग 5 से 10 बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों की नींद और दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बिजली नहीं रहने से लोग पंखे एवं अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, जिससे कई लोग बीमार भी पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बिजली विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम पंचायत मडबासा में रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति को सुचारु किया जाए और अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके