गुना। जिले के आरोन थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 70 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना आरोन पुलिस को कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम इमलिया स्थित मोनू जैन की सीमेंट फैक्ट्री के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध शराब बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रद्युम्न कंजर (27 वर्ष) निवासी ग्राम राजपुरा, थाना राघौगढ़ बताया। पुलिस द्वारा बाइक पर रखे प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब के 70 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 70 लीटर अवैध शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।