चंदेरी | तहसील क्षेत्र के ग्राम बाकलपुर में शनिवार रात हनुमान मंदिर की प्रतिमाएं खंडित करने और पुजारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच गए और गांव में आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी शैलेन्द्र सिंह बुंदेला पुत्र महेंद्र सिंह बुंदेला पर मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि घटना के दौरान मंदिर के पुजारी विनोद तिवारी के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चंदेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने और पुजारी से मारपीट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।