अशोकनगर। जिला परिवहन अधिकारी क्षितिज सोनी ने बुधवार को ईसागढ़ तहसील में आकस्मिक वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान यात्री वाहनों, मालवाहक वाहनों, डंपर सहित अन्य वाहनों के दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच के दौरान शिवपुरी पब्लिक स्कूल, दिशा पब्लिक स्कूल ईसागढ़ एवं डीपी इंटरनेशनल स्कूल के वाहनों की भी जांच की गई। इसके अलावा अन्य वाहनों के दस्तावेज और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों को भी देखा गया।
जांच में ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, एसएलडी, व्हीएलटीडी, अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी सहित अन्य दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं। कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री तथा सीट बेल्ट का उपयोग नहीं किया जाना भी सामने आया।
इन कमियों के चलते परिवहन विभाग द्वारा 10 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई और 40,500 रुपये का समझौता शुल्क वसूल किया गया। जिन वाहनों के दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए गए, उनके संचालकों को दस्तावेज पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिला परिवहन कार्यालय द्वारा बताया गया कि प्रत्येक सप्ताह स्कूल बसों, यात्री बसों सहित अन्य वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अनफिट या क्षमता से अधिक यात्री पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।