भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को तरावली गांव के तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय बार-बार बिजली काटी जा रही है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। तेज गर्मी के कारण लोग पूरी रात सो नहीं पा रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी गर्मी और मच्छरों से परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग द्वारा लगातार कटौती किए जाने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि रात के समय होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।