शहडोल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4 क्विंटल गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन वाहन और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान डीएसपी ऋषभ छारी को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ वाहनों के जरिए रात के समय अवैध गांजे का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी, जयसिंहनगर, देवलोंद और सीधी थाना पुलिस को अलर्ट कर घेराबंदी के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने ब्यौहारी-सीधी मार्ग पर मंटोला के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 4 क्विंटल गांजा, बलेनो कार, XL6 कार, XUV300 वाहन तथा सात मोबाइल फोन जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में रामप्रकाश पटेल और राजकुमार गुप्ता निवासी ग्राम झिरिया, शेखर शुक्ला निवासी ग्राम लोह तथा आशुतोष प्यासी निवासी पिपरिया, जिला अनूपपुर शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक जियाउल हक, थाना प्रभारी जयसिंहनगर निरीक्षक अजय कुमार बैगा, थाना प्रभारी देवलोंद उपनिरीक्षक सुभाष दुबे सहित कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।