नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने सोमवार को वृत्त करेली क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुचबंदिया मोहल्ला करेली में दबिश देकर 7 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब और 665 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34(1)(क)(च) के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
इसी अभियान के दौरान करेली वृत्त की दो मदिरा दुकानों का भी सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित लाइसेंसधारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रवींद्र जैन के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक सतीश कुमार, आकांक्षा धनोतिया, मुख्य आरक्षक सदर सिंह बरकड़े, आरक्षक नवल सिंह ठाकुर, ब्रिज किशोर सोनी एवं दीपांश चौकसे मौजूद रहे।