गुना। जिला चिकित्सालय गुना में चिकित्सकों की तत्परता और कुशलता से तीन वर्षीय बच्ची की जान बचा ली गई। खेलते समय बच्ची ने गलती से एक रुपये का सिक्का निगल लिया, जो उसकी सांस की नली के क्रिकोफैरिंक्स क्षेत्र में फंस गया। इससे बच्ची को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। परिजन तुरंत उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
कलेक्टर Kishore Kumar Kanyal के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी Rajkumar Rishishwar के मार्गदर्शन में अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया।
नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ Abhishek Goyal ने बच्ची की स्थिति को गंभीर देखते हुए तुरंत एक्स-रे कराया। जांच में सिक्के के सांस नली में फंसे होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद बच्ची को इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।
एनेस्थीसिया विशेषज्ञ Vikas Rajput के सहयोग से दूरबीन विधि (क्रिकोफैरिंगोस्कोपी) द्वारा बिना किसी चीरे के सफलतापूर्वक सिक्का बाहर निकाल लिया गया। समय रहते की गई इस प्रक्रिया से बच्ची की जान बच गई।
वर्तमान में बच्ची पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ बताई जा रही है। इस आपातकालीन प्रक्रिया में ओटी स्टाफ दिव्या, नगमा और गिर्राज सहित अन्य कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला चिकित्सालय की इस त्वरित और सफल कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।