अशोकनगर। जिले के थाना बहादुरपुर पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने ग्राम घाटबमुरिया स्थित महामाई मंदिर में स्थापित मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनने लगी थी।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर के मार्गदर्शन में थाना बहादुरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भीमराज अहिरवार को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को फरियादी भगवती प्रसाद जगन्नाथ शर्मा निवासी ग्राम घाटबमुरिया ने थाना बहादुरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी द्वारा महामाई मंदिर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाकर धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है। मामले में थाना बहादुरपुर में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत धारा 298, 302, 351(3) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ विवाद एवं मारपीट का प्रयास कर शांति भंग करने की स्थिति पैदा कर दी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बहादुरपुर उनि नीलम सिंह यादव, सउनि रामनरेश बरूआ, प्रधान आरक्षक पुष्पराज सिंह यादव, प्रधान आरक्षक सोनू रघुवंशी, प्रधान आरक्षक कृष्णपाल रघुवंशी एवं आरक्षक राजाराम पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।