शिवपुरी में नए पुलिस अधीक्षक का एक्शन मोड, चार थानों का किया औचक निरीक्षण



यांगचेन डोलकर भुटिया ने पदभार ग्रहण करते ही जिले की कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने जिला मुख्यालय स्थित थाना कोतवाली, थाना देहात, थाना फिजीकल एवं महिला थाना का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में दर्ज प्रकरणों, लंबित शिकायतों एवं की जा रही पुलिस कार्यवाहियों की जानकारी ली। इसके साथ ही थाना परिसर, हवालात, रिकॉर्ड रूम एवं आर्म्स रूम का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

एसपी ने थानों पर पहुंचे आम नागरिकों और आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।

पदभार संभालने के तुरंत बाद एसपी के इस औचक निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था में कसावट और अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने