गुना।
गुना में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त के दौरान एक ऑनलाइन सटोरिये को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ में एक संगठित सट्टा गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसमें कई राज्यों के लोग शामिल हैं।
कैंट थाना पुलिस के अनुसार शनिवार-रविवार की रात पीएम आवास रोड पर एक युवक द्वारा ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से जयंत उर्फ भोला (36), निवासी विंध्याचल कॉलोनी को हिरासत में लिया।
मोबाइल की जांच में आरोपी के पास से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, संभवतः Indian Premier League से जुड़ी वेबसाइट (grandexch.net) संचालित होना पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक संगठित सट्टा गिरोह का सदस्य है, जो विभिन्न आईडी बनाकर लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलाता है। इस गिरोह में उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के सदस्य जुड़े हैं। साथ ही अशोकनगर के कई सटोरियों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 13 अन्य आरोपियों के नाम उजागर किए हैं। सभी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।