अशोकनगर, 6 अप्रैल 2026। जिले में पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां कोतवाली थाना पुलिस ने आत्महत्या का प्रयास कर रही एक वृद्ध महिला को समय रहते बचाकर उसकी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल की रात लगभग 8:45 बजे टोरिया रोड स्थित पावर हाउस के पास एक मकान में रहने वाली वृद्ध महिला ने स्वयं को कमरे में बंद कर साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की सूचना सिटी मोबाइल पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी को मिली, जिन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पाया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और महिला फंदे पर लटकी हुई थी। परिजन बाहर खड़े बेहद चिंतित थे और स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
समय की नजाकत को समझते हुए पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कमरे की छत पर लगे टीनशेड को हटाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बड़ी सावधानी से महिला को फंदे से उतारा गया। उस समय महिला की सांसें हल्की-हल्की चल रही थीं, जिससे उम्मीद बनी रही।
पुलिस ने तत्काल महिला को अपने वाहन से जिला चिकित्सालय अशोकनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा तुरंत उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की हालत अब खतरे से बाहर है और वह निगरानी में है।
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान, सउनि दिनेश कुमार शर्मा, आरक्षक अभयराज रघुवंशी और आरक्षक पवन धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी तत्परता, साहस और मानवीय दृष्टिकोण के चलते एक अनमोल जीवन को बचाया जा सका।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की इस कार्यवाही की व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास को मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है, जिससे पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।
पुलिस अधीक्षक अशोकनगर के निर्देशन में जिले की पुलिस लगातार आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।