विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय, अशोकनगर परिसर में एक विस्तृत विधिक जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हेमंत कुशवाहा, डिफेंस काउंसिल डिप्टी श्री विष्णु नारायण विरथरे एवं जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी. एल. टैगोर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त जिला चिकित्सालय के अन्य चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान उपस्थित नागरिकों, मरीजों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, निर्धन, महिला, बालक, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही लोक अदालत, मध्यस्थता, परामर्श सेवाएं एवं अन्य वैकल्पिक विवाद निवारण तंत्रों की जानकारी भी सरल एवं सहज भाषा में प्रदान की गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे—स्वास्थ्य जांच, रोगों की रोकथाम, स्वच्छता, पोषण एवं नियमित उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित चिकित्सकों द्वारा आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान आमजन की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।