अब ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे से 50 मिनट में तय होगी दूरी

 
ग्वालियर, — ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगरा से ग्वालियर तक बनने वाला यह हाईस्पीड कॉरिडोर क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

करीब ₹5500 करोड़ की लागत से बन रहे इस 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की लंबाई लगभग 88 किलोमीटर होगी, जो वर्तमान मार्ग से 32 किमी कम है। एक्सप्रेस-वे पर न्यूनतम गति 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की जाएगी, जिससे ग्वालियर से आगरा की दूरी मात्र 45 से 50 मिनट में तय की जा सकेगी।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि और एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।

सिंधिया ने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे में सीमित एंट्री और एग्जिट पॉइंट होंगे, जिससे यातायात सुचारू और सुरक्षित रहेगा। परियोजना को आधुनिक तकनीक के साथ विकसित किया जा रहा है और इसे लगभग तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है।

परियोजना के तहत चंबल नदी पर 6-लेन का आधुनिक पुल भी बनाया जाएगा। साथ ही शिवपुरी को जोड़ने के लिए लगभग 28 किमी लंबा पश्चिमी बायपास विकसित किया जाएगा, जिसकी लागत करीब ₹1400 करोड़ है।

इसके अलावा ग्वालियर में लगभग ₹600 करोड़ की लागत से आधुनिक रेलवे स्टेशन और शहर में एलीवेटेड रोड का निर्माण भी किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने