अशोकनगर-गुना रोड पर पीलीघटा के पास शनिवार देर शाम एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बेहटा निवासी बिंदराजा अहिरवार (18) शनिवार शाम पीलीघटा चक्की पर आटा लेने जा रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उसके साथ का बालक राजवीर भी घायल हो गया।
हादसे के बाद भी ट्रैक्टर चालक नहीं रुका और आगे जाकर दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। इस बाइक पर गुना के टाटा शोरूम में कार्यरत तीन कर्मचारी सवार थे, जो मीटिंग अटेंड कर लौट रहे थे। हादसे में आयुष यादव (24), कृष्णभान यादव (25) और अजय यादव (26) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को पहले शाढ़ौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।