खनियांधाना झोलाछाप के गलत इंजेक्शन से गर्भवती महिला की मौत

 

खनियाधाना (शिवपुरी)। खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम अचरौनी में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अचरौनी निवासी गुनगुन (21), पत्नी तेज सिंह, चार माह की गर्भवती थी। बीते दो दिनों से बुखार आने पर परिजन उसे गांव में ही उपचार के लिए एक झोलाछाप डॉक्टर अपूर्व मजूमदार के पास ले गए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला को एक हाथ और कमर में इंजेक्शन लगा दिया।

इंजेक्शन लगते ही महिला के शरीर में तेज जलन होने लगी और वह क्लीनिक पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। घबराए परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खनियाधाना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है। खनियाधाना थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे अवैध चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने