अशोकनगर, 9 अप्रैल। थाना शाढौरा क्षेत्र में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 3 नवंबर 2025 को ग्राम अटारी खेजरा निवासी महेन्द्र यादव के घर अज्ञात बदमाशों ने घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। मामले में थाना शाढौरा में अपराध क्रमांक 273/25 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में गठित टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी रमेश गुर्जर अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम अटारी खेजरा आया हुआ है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने डकैती में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा है, ताकि अन्य फरार आरोपियों और शेष माल की बरामदगी की जा सके।
पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।