ग्वालियर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई7400 किलो लहान नष्ट, 20 लीटर कच्ची शराब व भट्टियां जब्त



ग्वालियर, 9 अप्रैल। जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों किलो लहान नष्ट किया और कच्ची शराब के साथ उपकरण जब्त किए। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर, आबकारी उपायुक्त श्री संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में टीम ने भितरवार वृत्त के चीनोर-करहिया क्षेत्र में दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दुबहा-दुबही कंजर डेरा, चमेली का चक, बंजारे का पुरा, चक कटना एवं लाल डाड़ा क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

दबिश के दौरान प्लास्टिक टंकियों एवं जमीन में बने गड्ढों में रखा हुआ लगभग 7400 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। आवश्यक सैंपल लेने के बाद शेष लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से करीब 20 लीटर हाथ भट्टी शराब तथा दो बड़ी लोहे की भट्टियां भी जब्त की गईं।

आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत 6 प्रकरण दर्ज किए हैं। जब्त एवं नष्ट सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य करीब 7 लाख 64 हजार रुपये बताया गया है।

यह कार्रवाई ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह मीणा, शिवा रघुवंशी, रोशनी पाटीदार सहित अन्य आबकारी कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने