थाना बहादुरपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 33 घंटे में नाबालिग बालिका बरामद, आरोपी गिरफ्तार



अशोकनगर जिला में थाना बहादुरपुर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को महज 33 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई प्रदेश स्तर पर चल रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी मुंगावली सनम बी खान के मार्गदर्शन में थाना बहादुरपुर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाया।

जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को एक फरियादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। इस पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उनि नीलम सिंह यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने बालिका को अशोकनगर रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया।

पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी अजय अहिरवार (निवासी गुलाबगंज, जिला विदिशा) के खिलाफ गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना बहादुरपुर पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा बच्चों की खोज और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने