अशोकनगर जिला में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए देर रात व्यापक “कॉम्बिंग गश्त” अभियान चलाया। इस अभियान में एक ही रात में 89 स्थाई वारंटी और 55 गिरफ्तारी वारंटी तामील कर बड़ी सफलता हासिल की गई।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में 25 और 26 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात को जिलेभर में यह विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 250 पुलिस अधिकारी और जवानों ने एक साथ मोर्चा संभाला और रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक लगातार कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आदतन अपराधियों के घरों पर अचानक दबिश दी और असामाजिक तत्वों की सघन चेकिंग की। इस दौरान 61 लिस्टेड गुंडों और 46 हिस्ट्रीशीटरों की भी जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की धरपकड़ कर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। एसपी ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की “कॉम्बिंग गश्त” जारी रहेगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।