जींस पहनकर ड्यूटी पर पहुँचा पुलिसकर्मी, IG ने 3 को किया सस्पेंड



शहडोल। मध्य प्रदेश पुलिस के शहडोल जोन में अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आईजी एन. चैत्रा ने तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अप्रैल 2025 में जारी आदेश के तहत उप पुलिस अधीक्षकों से थानों के भ्रमण एवं बैठकों की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों से यह जानकारी लंबे समय से लंबित रही।

जब इस संबंध में आईजी ने जवाब-तलब किया, तो रीडर शाखा के कर्मचारी न केवल जानकारी प्रस्तुत करने में विफल रहे, बल्कि प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी वर्दी के बजाय जींस पहनकर आईजी के समक्ष उपस्थित हो गए। वरिष्ठ अधिकारी के सामने इस प्रकार की वेशभूषा को पुलिस नियमों और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना गया।

प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर आईजी ने सहायक उप निरीक्षक परवेज खान, प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी और आरक्षक गौरव सिंह को निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान तीनों पुलिसकर्मियों को उनके संबंधित जिलों के रक्षित केंद्र में संबद्ध किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने विकास पाण्डेय को जांच का जिम्मा सौंपते हुए 10 दिनों में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने