सिक्स लेन ग्रीनफील्ड हाईवे से अशोकनगर को जोड़ने की मांग तेज, बैठक कर बनाई आंदोलन की रणनीति



अशोकनगर। शहर की रघुवंशी धर्मशाला में मंगलवार को ग्वालियर से नागपुर को बनाया जा रहे सिक्स लेन ग्रीनफील्ड हाईवे जिसकी कुल अनुमानित लागत 40000 करोड रुपए है, से अशोकनगर जिला मुख्यालय को जोड़ने की मांग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 

यह हाईवे ग्वालियर से नागपुर तक बनाया जा रहा है, लेकिन इसमें अशोकनगर को सीधे जोड़ने का उल्लेख नहीं होने से क्षेत्रवासियों में असंतोष देखा जा रहा है। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने एकजुट होकर इस मांग को लेकर निर्णायक रणनीति तैयार की। बैठक में पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों द्वारा इस मुद्दे के समर्थन में दिए गए समर्थन पत्रों के लिए आभार व्यक्त किया गया। 

वक्ताओं ने कहा कि अशोकनगर जिला मुख्यालय को सिक्स लेन हाईवे से जोड़ना क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके अभाव में जिले की कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति प्रभावित हो सकती है। 

बैठक में यह भी सामने आया कि 20 जनवरी 2026 को क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए पत्र में अशोकनगर जिला मुख्यालय को इस हाईवे से जोड़ने का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया था। इस पर चिंता जताते हुए उपस्थित लोगों ने सांसद से पुनः आग्रह किया कि वे अलग से एक विस्तृत मांग पत्र भेजकर अशोकनगर को ऐसे सिक्स लेन ग्रीन फील्ड हाईवे से जोड़ने की मांग को प्रमुखता से उठाएं। 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि,इस मांग को पूरा कराने के लिए एक प्रतिनिधि मंडल जल्द तही भोपाल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेगा। साथ ही लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता से भी मुलाकात कर इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। 

वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन, जनआंदोलन और दिल्ली तक भी जाना पड़े, तो पीछे नहीं हटेंगे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अशोकनगर को सिक्स लेन ग्रीनफील्ड हाईवे से जोड़ने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में सुधीर शर्मा, डॉ. योगेश मिश्रा, रितेश जैन, अभिषेक कुशवाह, रामस्वरूप, शिवहरे, राजकुमार लोधी, राजिद अहमद एवं सुनील रघुवंशी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने