अशोकनगर। कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में रबी विपणन वर्ष 2026-27, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं आगामी जनगणना को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 7 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा, जबकि खरीदी का कार्य 30 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। इस वर्ष 42 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 16,798 किसानों ने पंजीयन कराया है। वहीं, 26 उपार्जन केंद्रों पर गेहूं की खरीदी की जाएगी। शासन द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2625 रुपये प्रति क्विंटल (बोनस सहित) निर्धारित किया गया है। किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
कलेक्टर ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। शासकीय एवं निजी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही बावड़ियों की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा।
उन्होंने जिले के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए मल्हारगढ़ और कचनार के किलों के संरक्षण एवं साफ-सफाई के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। इसके अलावा जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता की जानकारी भी दी गई।
कलेक्टर ने बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित होगी, जिसमें पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर श्री डी.एन. सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती प्राची शर्मा, उप संचालक कृषि श्री अमित सिंह भदौरिया, मंडी सचिव श्री भागीरथ अहिरवार सहित मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।