केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ₹12.68 करोड़ की परियोजनाओं से चंदेरी और ईसागढ़ को दी नई सौगातचंदेरी में सिंधिया ने किया ₹7 करोड़ की लागत के तीन विद्युत सब स्टेशनों का शिलान्यास और लोकार्पणईसागढ़ को दी ₹5.68 करोड़ के सड़क और आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसे विकास कार्यों की सौगात


--
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल–अशोकनगर प्रवास के तीसरे दिन क्षेत्रीय विकास, जनसुविधा और सुशासन के संकल्प को साकार करने वाला रहा। इस दौरान उन्होंने चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा और ईसागढ़ नगर में सड़क, स्वच्छता और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिनकी कुल लागत ₹12.68 करोड़ से अधिक है। चंदेरी में उन्होंने 7 करोड़ की लागत के विद्युत उपकेन्द्रों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया वहीं ईसागढ़ को उन्होंने 5.68 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। 
 केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस कदम हैं। उन्होंने ईसागढ़ गौरव दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विकास तब सार्थक होता है जब उसका लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
चंदेरी को 5400 लोगों को मिलेगा विद्युत उपकेंद्रों से प्रत्यक्ष लाभ
 चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रीय मंत्री ने ऊर्जा अवसंरचना को नया बल देते हुए लगभग ₹7 करोड़ की लागत से निर्मित और निर्माणाधीन तीन नए 33/11 केवी उपकेंद्रों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने डुंगासरा उपकेंद्र का शिलान्यास तथा भर्रोली और आरोन उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। ₹2.09 करोड़ की लागत से बनने वाला 5 एमवीए क्षमता का डुंगासरा उपकेंद्र डुंगासरा, बैदई और पचबावड़ी गाँवों के लगभग 800 निवासियों को लाभ पहुँचाएगा। वहीं, ₹2.83 करोड़ की लागत से तैयार भर्रोली उपकेंद्र भर्रोली, मिंदपुरा, बनोरा सहित 6 गाँवों के 2,000 नागरिकों को सशक्त बनाएगा। ₹2.15 करोड़ की लागत वाला आरोन उपकेंद्र आरोन, भीलड़ी, पीपरीधारे सहित 15 गाँवों की 2,600 की आबादी को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराएगा।
 केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की ‘जीवनरेखा’ है। इन उपकेंद्रों के माध्यम से किसान निर्बाध सिंचाई कर सकेंगे, छात्र बेहतर वातावरण में अध्ययन कर पाएंगे और व्यापारिक गतिविधियाँ बिना रुकावट आगे बढ़ेंगी।
सेवा का संकल्प और ‘ज्योति’ का व्रत
 केन्द्रीय मंत्री सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं जब भी आपके बीच आता हूँ, अंधेरे को दूर करने के लिए ज्योति का प्रकाश साथ लाता हूँ।” उन्होंने स्मरण कराया कि गत नवंबर में भी अशोकनगर को 5 उपकेंद्रों की सौगात दी गई थी, जिससे 42 गाँवों को लाभ मिला था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश के 17,000 से अधिक ऐसे गाँवों तक बिजली पहुँचाई है, जो आजादी के बाद से अब तक अंधकार में थे।
ईसागढ़ को ₹5.68 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
 तत्पश्चात केन्द्रीय मंत्री ने ईसागढ़ नगर में ₹5.68 करोड़ की लागत से संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल सीमेंट और पत्थर की संरचनाएँ नहीं, बल्कि ईसागढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव हैं।

शहर का सड़क नेटवर्क होगा शत-प्रतिशत पूर्ण
 सिंधिया ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री अर्बन एरिया इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम’ के तहत ₹2 करोड़ की लागत से वार्ड 1 से 15 तक बनने वाली सीसी सड़कों के साथ ईसागढ़ का सड़क नेटवर्क शत-प्रतिशत पूर्ण होगा, जिसके बाद शहर में कोई भी सड़क कच्ची नहीं रहेगी। इससे आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं का जोखिम घटेगा और दैनिक जीवन की गति बढ़ेगी। इसके साथ ही, उन्होंने कायाकल्प अभियान के अंतर्गत ₹1 करोड़ की लागत से बस स्टैंड से गुना मार्ग तक 600 मीटर लंबी सीसी रोड का भूमिपूजन किया, जो एक प्रभावी वैकल्पिक बायपास के रूप में कार्य करेगी और शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत देगी।
 इसके अलावा उन्होंने नाग वैली में ₹1.18 करोड़ की लागत से 10 आधुनिक दुकानों वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन किया, जो स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोज़गार का केंद्र बनेगा। इसके बारे में सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि ईसागढ़ को एक सुदृढ़ स्थानीय अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर करेगी।
स्वच्छता और जल निकासी का स्थायी समाधान
 कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने एसडीएमएफ योजना के तहत ₹1.58 करोड़ की लागत से निर्मित आरसीसी ड्रेन का लोकार्पण किया। इसके माध्यम से शहर में जलभराव की समस्या का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित होगा, जिससे स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में गुणात्मक सुधार आएगा।
विकसित भारत और सुशासन का मॉडल
 अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज विकास केवल महानगरों तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों तक समान रूप से पहुँच रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संवेदनशील प्रशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जमीन पर उतार रही है, जहाँ विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचती है। केन्द्रीय मंत्री ने विश्वास दिलाया कि चंदेरी, ईसागढ़ और पूरे अशोकनगर जिले में विकास की यह गति निरंतर बनी रहेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि, सुविधा और सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार करेगी।
अतीत से प्रेरणा लेकर भविष्य के लिए समर्पण का अवसर देता है ईसागढ़ गौरव दिवस 
 ईसागढ़ में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 03 फरवरी को ईसागढ़ नगर परिषद कार्यालय की स्थापना हुई थी, और यही कारण है कि यह दिन आज ईसागढ़ गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस केवल एक प्रशासनिक शुरुआत की स्मृति नहीं, बल्कि ईसागढ़ के नागरिकों की सामूहिक चेतना, सहभागिता और विकास यात्रा का प्रतीक है। नगर परिषद की स्थापना ने सुशासन, जनसेवा और स्थानीय विकास को एक नई दिशा दी, जिससे नगर निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा। यह गौरव दिवस हमें अपने अतीत से प्रेरणा लेकर भविष्य के लिए और अधिक समर्पण, ईमानदारी और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य करने का अवसर देता है।
 भ्रमण कार्यक्रम के दौरान चंदेरी विधायक श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी, पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण अधिकारीगण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने