अशोकनगर की ‘दिशा’ बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिले के विकास के लिए लिए बड़े निर्णय


45 करोड़ से बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, तुलसी सरोवर एवं थीम रोड के लिए 40 करोड़ स्वीकृत
300 बिस्तर का अस्पताल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और चंदेरी सिंचाई परियोजना को मिली समय-सीमा
अशोकनगर कॉल सेंटर को सिंधिया ने घोषित किया जिले का नया ‘नवरत्न’ 
--
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने अशोकनगर के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की। केन्द्रीय मंत्री ने अशोकनगर के लिए रोजगार, सिंचाई और इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित कई क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी। इस बैठक में मुंगावली विधायक श्री बृजेन्‍द्र सिंह यादव,चंदेरी विधायक श्री जगन्‍नाथ सिंह रघुवंशी, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्री नीरज मनोरिया, भाजपा जिला अध्‍यक्ष श्री आलोक तिवारी, पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह जज्‍जी,कलेक्‍टर श्री साकेत मालवीय,पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा,मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन सहित, जनप्रतिनिधि,समिति के सदस्‍यगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
‘दिशा’ बैठक में तय हुई अशोकनगर के विकास कार्यों की स्पष्ट समय-सीमा
 अशोकनगर की गहन दिशा बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, अधोसंरचना, रोजगार, उद्योग और नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं की वस्तुस्थिति पर चर्चा हुई तथा विभिन्न विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। 
केन्द्रीय मंत्री ने परियोजनाओं के बारे में दी जानकारी
 100 बिस्तर वाले जिला अस्पताल में रिक्त पदों में से 40 पद (पीडियाट्रिशियन, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ) भर दिए गए हैं। साथ ही 300 बिस्तर वाले नए जिला अस्पताल को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए अग्रिम स्टाफ स्वीकृति के निर्देश दिए गए हैं। 
 बैठक में 550 करोड़ रूपये की ‘चंदेरी माइक्रो इरिगेशन परियोजना’ को जून 2026 तक पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है। वहीं, 1,572 करोड़ रूपये की ‘राजघाट वाटर सप्लाई स्कीम’, जिससे 812 गाँवों को लाभ मिलेगा, को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
 अशोकनगर कॉल सेंटर को जिले का नया ‘नवरत्न’ बताते हुए सिंधिया ने कहा कि वर्तमान में यहाँ 505 युवाओं को सीधा रोजगार मिल रहा है। इसके विस्तार हेतु मारुति शोरूम के पास 1000 सीटों की क्षमता वाली नई इमारत निजी क्षेत्र के सहयोग से बनाई जाएगी। साथ ही, ट्रांसपोर्ट नगर के विस्थापन के लिए भी समय-सीमा तय करने के निर्देश कलेक्टर को दिए गए।

केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि अशोकनगर के सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास ध्यान दे रहे है। इस बैठक में इन मुद्दों पर बड़े निर्णय लिए गए हैं। सिंधिया ने बताया कि शहर में 45 करोड़ रूपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। साथ ही तुलसी सरोवर एवं थीम रोड सहित शहर सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ रूपये की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि शाडोरा से करीला माता मार्ग (55 किमी) को दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा, जबकि कुरवाई–मुंगावली–चंदेरी मार्ग (81 किमी) को जून 2026 तक जनता को समर्पित किया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले के सर्वांगीण और समावेशी विकास को गति दी जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने