डबरा सिटी पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा राउंड और एक चला हुआ खोखा बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मार्च 2026 को डबरा सिटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सहराई रोड हवाई के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ किसी वारदात की फिराक में खड़ा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस उर्फ ऋषि पुत्र नरोत्तम बघेल (उम्र 26 वर्ष), निवासी सूर्य नगर, बला का डेरा, डबरा बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा तथा जेब से एक जिंदा राउंड और एक खाली खोखा बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ थाना डबरा सिटी में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही।