अशोकनगर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 24 मार्च 2026 को यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक नेहा ठाकुर द्वारा राजमाता चौराहे पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक हार्वेस्टर चालक को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। बाद में युगल सरकार मंदिर के पास पुलिस टीम की मदद से वाहन को रोका गया।
जांच के दौरान पाया गया कि वाहन का बीमा नहीं था, साथ ही चालक ने पुलिस के संकेतों की अवहेलना की और वायु प्रदूषण संबंधी नियमों का भी उल्लंघन किया। इन उल्लंघनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 10,500 रुपए का चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन पर 38 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, जिससे स्वयं के साथ-साथ अन्य नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।