अशोकनगर में विद्यारंभ प्रवेशोत्सव एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन


अशोकनगर जिले में मंगलवार को विद्यारंभ प्रवेशोत्सव एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को सुदृढ़ करना रहा। जिले के 1000 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उनके शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को उत्सव के रूप में मनाया गया।

जिले में तीन प्रमुख स्थानों पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुए। वार्ड क्रमांक 8 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 29 में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर साकेत मालवीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं ईसागढ़ जनपद पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी मुख्य अतिथि रहे। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 19 स्थित शासकीय विश्रामगृह में नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 5 से 6 वर्ष की आयु बच्चों के बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास की नींव होती है और आंगनवाड़ी केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने