कोलारस | रात्रि गश्त के दौरान कोलारस पुलिस ने फोरलेन भड़ौता पुल के नीचे संदिग्ध हालत में खड़ी बोलेरो से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध देशी पिस्टल और 5 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। बोलेरो सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 22-23 अगस्त की दरमियानी रात पुलिस टीम कस्बे में गश्त कर रही थी। इसी दौरान फोरलेन भड़ौता पुल के नीचे सुनसान स्थान पर एक बोलेरो क्रमांक MP39 C3974 खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें चार युवक बैठे मिले।
चारों आरोपी गुना जिले के रहने वाले
पूछताछ में युवकों ने अपने नाम राजपाल सिंह (23), सचिन पाल (20), नीत गुर्जर (21) और जसपाल (26) बताए। चारों गुना जिले के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस मिले। हथियार का लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अवैध हथियार, कारतूस और बोलेरो वाहन जब्त किया है।
रात्रि गश्त में पुलिस की सतर्कता से कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक आबिद खान, प्रधान आरक्षक विजय कटारे, प्रदीप शर्मा, धर्मेन्द्र सेंगर तथा आरक्षक धर्मेन्द्र किरार, बच्चू सिंह, शिववीर सिंह सेंगर और लालू प्रसाद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि हथियार उनके पास कहां से आया और वे देर रात सुनसान स्थान पर किस उद्देश्य से मौजूद थे।