जर्जर मकान की छत गिरने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर



ईसागढ़/कदवाया, 16 जून। कदवाया क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलदेवपुर के अंतर्गत आने वाले माधोपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में स्थित एक पुराने एवं जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में ममता बाई और उनके पुत्र नंदकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईसागढ़ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि जिस मकान में यह हादसा हुआ, वह काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था। अचानक छत गिरने से दोनों उसके मलबे में दब गए और गंभीर चोटों का शिकार हो गए।

मां और बेटे की एक साथ मौत की खबर से पूरे माधोपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा क्षेत्र में मौजूद जर्जर मकानों का सर्वे कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने