अशोकनगर। स्थानीय पीएम श्री विद्यालय क्रमांक 04, अशोकनगर में कक्षा 6 के विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष विभा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विभा श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं को स्कूल तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क साइकिल वितरण योजना शुरू की है। उन्होंने बताया कि कई बार विद्यालय की दूरी अधिक होने के कारण छात्र-छात्राएं पढ़ाई बीच में छोड़ देते थे, लेकिन इस योजना से उन्हें शिक्षा जारी रखने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार व्यापक सुधार कर रही है। निःशुल्क साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन, गणवेश वितरण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण शिक्षा अब आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और प्रभावी बनी है।
कार्यक्रम के दौरान सभी पात्र विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रमुख गायत्री पंत ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : अशोकनगर ब्यूरो