चंदेरी में ऑनलाइन IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के लेन-देन के सबूत मिले



अशोकनगर जिले की चंदेरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 1 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर और एसडीओपी चंदेरी महेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना चंदेरी पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि चंदेरी के बायपास रोड स्थित तिलक ढाबा के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र धाकड़ (मुरैना) और सौरभ सेन (मुंगावली) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक महिंद्रा कार जब्त की गई। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े लिंक, कई आईडी और करीब 1 करोड़ रुपये के लेन-देन के प्रमाण मिले।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सट्टा संचालन के लिए आईडी दीपक धाकड़ (केलारस, मुरैना) से लेते थे। इसके आधार पर पुलिस ने दीपक धाकड़ को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी निखिल पंवार (मुंगावली) की तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है और आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना चंदेरी और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने