अशोकनगर पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में आर्थिक अपराधों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई थाना बहादुरपुर पुलिस द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को ग्राम दमदमा निवासी मनोज यादव ने थाना बहादुरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गहोरा निवासी आशीष गुरैया ने बैंक से ₹6 लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर उससे ₹84,500 ले लिए और धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष गुरैया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों से लोन दिलाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलम यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि लोन या वित्तीय सहायता के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।