गंगा दशमी पर्व के अवसर पर सोमवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री साकेत मालवीय एवं अन्य अधिकारियों ने साइकिल चलाकर जिला कलेक्ट्रेट से विमानों के चबूतरा तक यात्रा की और जल संरक्षण का संदेश दिया।
अधिकारियों ने तुलसी सरोवर तालाब पहुंचकर श्रमदान किया तथा जल स्रोतों के संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के महत्व को आमजन को समझाया। कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, एसडीएम श्रीमती शुभ्रता त्रिपाठी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनोद उन्नीतान, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री अरुण रघुवंशी, तहसीलदार श्री भारतेन्दु यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे।