अशोकनगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर के विभिन्न होटलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के आदेश तथा एसडीएम श्रीमती शुभ्रता त्रिपाठी के निर्देशानुसार की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती लीना नायक ने विदिशा रोड, गांधी पार्क और विवेक टॉकीज रोड स्थित होटल, समोसा-कचौड़ी एवं चाट विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विदिशा रोड स्थित सावरिया रेस्टोरेंट से यूज्ड कुकिंग ऑयल और बेसन लड्डू, स्टेशन रोड स्थित रतन कचौड़ी भंडार से कचौड़ी एवं यूज्ड कुकिंग ऑयल तथा गांधी पार्क स्थित मुकेश चाट भंडार से यूज्ड कुकिंग ऑयल के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सामग्री को स्वच्छ एवं ढंककर रखने तथा बार-बार उपयोग किए गए तेल में खाद्य सामग्री नहीं तलने की समझाइश दी गई। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।