शिवपुरी। जिले के इमलोदा निवासी अधिवक्ता जयपाल सिंह यादव ने तत्कालीन थाना प्रभारी इंदार दिनेश नरवरिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों के बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस आपराधिक कार्रवाई नहीं की गई है।
अधिवक्ता के अनुसार, संबंधित अधिकारी पर झूठे मुकदमे दर्ज करने, रिश्वत लेने, अपराधियों से सांठगांठ कर उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने, लूट करवाने और हमले करवाने जैसे गंभीर आरोप हैं। उनका कहना है कि इन आरोपों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के बावजूद मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल केवल औपचारिक कार्रवाई, जैसे वेतन रोकना, की गई है, जबकि आरोपी अधिकारी अभी भी पद पर बना हुआ है।
अधिवक्ता ने मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपी अधिकारी को पद से हटाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे इस मामले को न्यायालय में ले जाएंगे।